नई दिल्ली – हिंदी रंगमंच प्रेमियों के लिए एक विशेष नाट्य उत्सव ‘विंटर थिएटर फेस्टिवल 2025’ का भव्य आयोजन 26, 27 और 28 दिसंबर 2025 को किया जा रहा है ।
इस आयोजन का उद्देश्य हिंदी रंगमंच की लोकप्रिय, सार्थक और संवेदनशील प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को स्वस्थ, सशक्त और गुणवत्तापूर्ण मनोरंजन उपलब्ध कराना है। फेस्टिवल में एनएसडी के अनुभवी और लोकप्रिय कलाकारों द्वारा तीन बहुचर्चित नाटकों का मंचन किया जाएगा।
26 दिसंबर – ‘ताजमहल का टेंडर’ — व्यंग्य और सामाजिक यथार्थ से भरपूर यह नाटक दर्शकों को हँसाने के साथ-साथ समकालीन व्यवस्थाओं पर सोचने के लिए विवश करता है।
27 दिसंबर – ‘बाबू जी’ — मानवीय संवेदनाओं, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक परिस्थितियों को हंसाते रुलाते हुए प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करता हुआ सशक्त नौटंकी और लोकगीतों से भरा नाटक।
28 दिसंबर – ‘माई री मैं कासे कहूं’ — लोक संवेदना और औरत की भावनात्मक गहराई से जुड़ी एक मार्मिक और प्रभावशाली संगीतमय प्रस्तुति।
यह थिएटर फेस्टिवल दक्षिणी दिल्ली के प्रतिष्ठित और पॉश क्षेत्र में स्थित एनसीयूआई ऑडिटोरियम में दिल्ली टूरिज़्म तथा भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
एनएसडी रेपर्टरी कंपनी के प्रमुख राजेश सिंह के अनुसार, “दक्षिणी दिल्ली में एनएसडी द्वारा पहली बार आयोजित किया जा रहा यह विंटर थिएटर फेस्टिवल रंगमंच प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होगा। इसमें दर्शकों को अनुभवी कलाकारों की उत्कृष्ट अभिनय क्षमता, सशक्त निर्देशन और प्रभावी मंच सज्जा का समृद्ध संगम देखने को मिलेगा।”
इन नाट्य प्रस्तुतियों में एनएसडी के वरिष्ठ कलाकार एवं निर्देशक चितरंजन त्रिपाठी जी, श्रीवर्धन त्रिवेदी, राजेश सिंह , शिव प्रसाद , सुमन कुमार , रहमान , पूजा गुप्ता , शिल्पा भारती सहित कई जाने-माने रंगकर्मी प्रमुख भूमिकाओं में नज़र आएंगे।